Breaking

जिंदा कारतूस, पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार.....

धमतरी डेस्क - में अपराध और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.आरोपी के कब्जे से एक देशी निर्मित पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने की फिराक में था, इससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

दरअसल धमतरी जिले में गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध लगातार सख्त और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मरादेव मंदिर,गौरव पथ के पास अवैध हथियार लेकर संदिग्ध रूप से घूम रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और क्षेत्र की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। रेड के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली।
जिसमें उसके कब्जे से एक नग देशी निर्मित पिस्टल एवं 11 नग जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी से हथियारों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया,लेकिन वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 84/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ सोनी (25 वर्ष) पिता नरेन्द्र सोनी, निवासी आमातलाब रोड, श्रीराम नगर धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले से ही हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ मारपीट,धमकी, घर में घुसकर विवाद तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।वर्ष 2020 से लेकर 2024 तक उसके खिलाफ अलग-अलग अपराधों में कई बार कार्रवाई हो चुकी है, जिसमें आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रकरण भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों पर लंबे समय से निगरानी रखी जा रही थी। समय रहते की गई कार्रवाई से किसी संभावित घटना को टाल दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नागरिकों के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है।
Show comments
Hide comments
Cancel