धमतरी डेस्क / भारतीय जनता पार्टी मंडल गंगरेल, जिला धमतरी के तत्वावधान में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026 के अवसर पर ग्राम रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा, अभिषेक एवं ऊँकार मंत्र जाप का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना डीपेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य एवं मण्डल अध्यक्ष मोनिका देवांगन, स्थानीय जनपद सदस्यअनीता मुकेश यादव, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जनवरी 1026 में गजनी के महमूद द्वारा सोमनाथ मंदिर पर किए गए आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह पर्व मनाया जा रहा है।सोमनाथ मंदिर भारतीय सभ्यता,संस्कृति और आस्था का महान प्रतीक रहा है,जिसने हजार वर्षों तक आक्रमणों,विध्वंस और संघर्षों के बावजूद पुनरुत्थान का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसी गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के देशव्यापी आव्हान पर भाजपा द्वारा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026 के रूप में यह आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं ऊँकार मंत्र के सामूहिक जाप से हुआ। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिव भक्ति के माध्यम से राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की एकता के लिए प्रार्थना की। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना साहू ने सोमनाथ मन्दिर एवं रुद्रेश्वर महादेव को प्रणाम करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं,बल्कि भारत की अस्मिता, आत्मसम्मान और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ ने हमें यह सिखाया है कि कितनी भी बार आघात आएं, हमारी संस्कृति कभी समाप्त नहीं हो सकती। आज का यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास को जानें, समझें और उस पर गर्व करें। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी आस्था और स्वाभिमान का पर्व है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव भारतीय संस्कृति, परंपरा और धार्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य अनीता मुकेश यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति की शक्ति ही है कि हजार वर्षों के संघर्ष के बाद भी वह आज और अधिक मजबूत होकर खड़ी है। उन्होंने महिलाओं की सहभागिता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका समाज को नई दिशा देती है।